आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। विजय नगर में कार चालक के ताडंव मचाने जैसी ही घटना रविवार की रात बरेला में हो गई। जहां ट्रक चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए आधा दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मारी। घटना में चार लोगों को चोटें भी आईं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

जानकारी के मुताबिक बीती रात मंडला की ओर से आ रहा ट्रक क्रमांक यूपी 95 पी 4848 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए कोहराम मचा दिया। जैसे ही ट्रक नागाघाटी क्रास हुआ, लगातार पांच-छ: दोपहिया वाहन, एक कार व दो ट्रकों को टक्कर मार दी।

ट्रक की रफ्तार देखकर सड़क से लोग किनारे हो गए और खुद को बचाने के लिए यहां-वहां छिपने लगे। घटना स्थल के बाद थोड़ी दूर जैसे ही ट्रक की रफ्तार कम हुई चालक ने ट्रक रोका और कूदकर वहां से भाग निकला।

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रक को जब्त करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा दिया है। पुलिस ट्रक के नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास भी कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक जिस तरीके से ट्रक चला रहा था, उसे देखते हुए ऐसा लग रहा था जैसे वह या तो नशे में था या फिर ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे।