आर्य समय संवाददाता जबलपुर। मंगलवार 22 अक्टूबर की सुबह लगभग 10.20 बजे आयुध निर्माणी खमरिया (OFK) के सेक्शन एफ-6 के भवन क्रमांक 200 'ए' में विस्फोट हो गया। विस्फोट के दौरान वहां पुरानी रशियन मिसाइल पिकोरा को भाप से उबालने का कार्य किया जा रहा था। सीधे तौर पर कहा जाए तो बारूद निकाला जा रहा था।
बताया जाता है कि भवन क्रमांक 200 'ए' में 4 कर्मचारी कार्य कर रहे थे। जिनके नाम श्यामलाल ठाकुर,रणधीर कुमार,चंदन कुमार एवं एलेक्जेंडर टोप्पो बताए जा रहे हैं। उक्त चार कर्मचारी ही विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए थे। जिनमें से एलेक्जेंडर का शव सर्चिंग के दौरान गेट नंबर 6 के समीप मिला। वहीं रणधीर कुमार की इलाज के दौरान मृत्यु होना बताया जा रहा है। वहीं श्याम लाल व चंदन कुमार का महाकोशल अस्पताल में इलाज चल रहा है।विस्फोट के कारण बगल का भवन क्षतिग्रस्त हो गया तथा उसमें कार्य कर रहे कर्मचारी भी घायल हो गए थे।
निर्माणी के मुख्य महाप्रबंधक ने मौके पर पहुंचकर अपनी निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन पूर्ण कराया तथा घायल कर्मचारियों को तत्काल प्राथमिक उपचार हेतु आयुध निर्माणी खमरिया अस्पताल भिजवाया। घटना पर पूर्ण नियंत्रण पाने के पश्चात मुख्य महाप्रबंधक ने आयुध निर्माणी खमरिया अस्पताल पहुंचकर घायल कर्मचारियों के स्वास्थ्य के साथ उपचार संबंधी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
<iframe frameborder="0" src="//www.youtube.com/embed/3hscdJh1M5g" width="640" height="360" class="note-video-clip"></iframe>
इस घटना में निर्माणी के 2 कर्मचारियों की मौत हो गई। वहीं 2 कर्मचारियों की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। जिन्हें महाकोशल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं फैक्ट्री के 12 कर्मचारियों को मामूली चोटें आई, जिनका इलाज आयुध निर्माणी खमरिया अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही केंट विधायक अशोक रोहाणी भी खमरिया अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए आईजी अनिल कुमार कुशवाह,कलेक्टर दीपक सक्सेना, एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने ओएफके पहुंच घटना स्थल का निरीक्षण किया।

Continue With Google
Comments (0)