आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत जवाहर नगर में रहने वाले ट्रक ड्राइवर कंधी लाल रजक की उसके ही साथी राजू उर्फ प्रेम सिंह ठाकुर ने लोहे की रॉड से हत्या कर दी। वारदात से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वारदात गुरुवार की बताई जा रही है। मृतक के परिजनों ने बताया कि कंधी लाल अपने घर के सामने पड़ोसियों से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान राजू उर्फ प्रेम सिंह ठाकुर वहां पर पहुंचा। कुछ दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात से नाराज होकर राजू उर्फ प्रेम सिंह ठाकुर ने कंधी लाल रजक के पास रखी लोहे की रॉड उठाई और उससे कंधी लाल पर हमला कर दिया।
इस दौरान मौके पर मौजूद महिला ने हमला करने वाले आरोपी को रोकने का प्रयास किया। लेकिन राजू उर्फ प्रेम सिंह इतने गुस्से में था कि किसी के भी काबू में नहीं आया। सिर पर लोहे की रॉड से किए गए घातक वार की वजह से कंधी लाल रजक की मौत हो गई। इधर सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेजते हुए आरोपी और राजू उर्फ प्रेम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।उससे पूछताछ की जा रही है।

Continue With Google
Comments (0)