आर्य समय संवाददाता जबलपुर। सोमवार को जबलपुर लोकायुक्त ने एमईपीबी के रिश्वतखोर अधिकारियों को दबोचा है। लोकायुक्त ने डीई एमपीईबी कटनी राजीव चतुर्वेदी, एसई खतौली चंचल गुप्ता व रवि कुमार बर्मन के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रार्थी बलराम दास पटेल जो कि एमपीईबी कटनी में बी क्लास का ठेकेदार है। उसके द्वारा एक लिखित शिकायत दी गई थी। जिसमें बताया गया था कि वह ग्राम लोहरवाड़ा जिला कटनी के उपभोक्ता राजेश पटेल के राइस मिल के लिए 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए एस्टीमेट एवं डिमांड नोट तैयार करने के संबंध में  डीई राजीव चतुर्वेदी से मिला था।

जिन्होंने ने उससे उक्त कार्य के लिए 80000 की रिश्वत की मांग की‌‌। इसी तरह एई खतौली चंचल गुप्ता से भी मिला तो उसके द्वारा इस कार्य के लिए 40000 की मांग की गई। जिसके बाद 11 नवंबर को 25000 की राशि प्रार्थी द्वारा आरोपी चंचल गुप्ता को देने के दौरान लोकायुक्त पुलिस द्वारा जेई कार्यालय खतौली जिला कटनी में दबिश देते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया। 

टीम में  उप पुलिस अधीक्षक सुरेखा परमार, निरीक्षक कमल सिंह उईके ,निरीक्षक भूपेंद्र दीवान  एवं अन्य चार सदस्य की टीम द्वारा आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।