आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। फर्स्ट रिस्पांस व्हीकल डायल-100 के चालक को मुखबरी के संदेह में आदतन अपराधी ने चाकू से घातक हमला कर दिया। चाकू के हमले से बेहोश हुए घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल की रिपोर्ट पर रांझी पुलिस आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

डायल-100 के घायल चालक विवेक कुमार ने पुलिस को बताया कि बदमाश गुड्डू टेढ़ी सहित उसके साथियों ने एकाएक उसे घेर लिया। गुड्डू टेढ़ी ने कहा कि पुलिस को शराब बिक्री के संबंध में तु सूचना देता है।

विवेक के इंकार करने पर बदमाशों ने उसकी कमर के नीचे चाकू से कई घाव किए और मौके से फरार हो गए। चाकू बाजी की वारदात के बाद मौके पर चर्चा रही है कि हमला करने वाले के संरक्षण में गांधी व्यायाम शाला में कई सालों से अवैध शराब बेची जाती है। कुछ दिन पहले पुलिस ने औचक कार्रवाई करते हुए शराब जब्त की थी।