आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शुक्रवार की सुबह 6 बजे एयर मार्शल संजीव घुराटिया वीएसएम, एसएमएसओ मुख्यालय एमसी आईएएफ का जबलपुर आगमन हुआ। चुंकि एयर मार्शल संजीव घुराटिया का जबलपुर से भी गहरा नाता रहा है। लिहाजा एयर मार्शल घुराटिया के जबलपुर आगमन को लेकर उनके स्थानीय परिचित व स्कूली साथी भी इंतजार कर रहे थे। एयर मार्शल घुराटिया की स्कूली शिक्षा जबलपुर के पंडित लज्जा शंकर झा (माडल) स्कूल में हुई थी। वहीं जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के वे पास ऑउट हैं। इस लिहाजा से उनका जबलपुर आगमन कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बताया जाता है कि एयर मार्शल घुराटिया सुबह जबलपुर पहुंचने के बाद नर्मदा दर्शन करने के लिए ग्वारीघाट गए थे। वहीं उन्होने ने पाटबाबा मंदिर में भी पूजन अर्चन किया। इसके बाद वे प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) सुबह 11 बजे पहुंचे। औपचारिक स्वागत के बाद एयर मार्शल ने महाप्रबंधक के साथ बैठक कर उत्पादन मामलों में जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना (एयरफोर्स) को युद्ध के मैदान में ताकत देने में एक बार फिर जबलपुर में स्थित आयुध निर्माणियों की अहम भूमिका होगी। एयरफोर्स ने आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) और आयुध निर्माणी जबलपुर (ओएफजे) को घातक बम बनाने का बल्क आर्डर दिया है। एयरफोर्स जबलपुर में बनने वाले बमों का उपयोग सुखोई और जगुआर जैसे फाइटर प्लेन में करेगी। एयरफोर्स ने करीब तीन सालों के लिए बमों के उत्पादन का आर्डर दिया है।
देर रात होंगे भोपाल रवाना -
एयर मार्शल घुराटिया ओएफके में अधिकारिक विजिट के बाद पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल हुए। बताया जाता है कि एयर मार्शल आज देर रात ट्रेन से भोपाल के लिए रवाना होंगे। सूत्रों की मानें तो वे भोपाल में अपने मित्र की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होंगे। एयर मार्शल घुराटिया का जबलपुर में परिवार भी निवासरत है।

Continue With Google
Comments (0)