आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) महाकौशल प्रांत के नवीन प्रांत कार्यालय का भव्य लोकार्पण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ प्रचारक सुरेश सोनी, अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान, प्रांत संघचालक डॉ प्रदीप दुबे एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सोलंकी के करकमलों द्वारा किया गया।

संगठन को सुचारू रूप चलाने में कार्यालय का महत्व सर्वाधिक है। क्योंकि यहीं से हम चर्चा कर नीतियां बनाते और उसका क्रियान्वयन भी करते हैं। विद्यार्थी परिषद का विचार प्रवाह 9 जुलाई 1949 से निरंतर चल रहा है। परिषद की रीती-नीतियों पर चलकर आज लाखों कार्यकर्ता देश-विदेश में अपने कार्य के साथ-साथ अपनी सामाजिक भूमिका का निवर्हन भी कर रहे हैं। आज पूरे विश्व में सबसे बड़ा छात्र संगठन बनकर उभरा है अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद।

नवीन कार्यालय अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को ऊर्जा का केंद्र बनेगा। उक्त विचार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नवीन प्रांत कार्यालय, छात्र शक्ति भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी ने व्यक्त किए। कार्यक्रम में महाकौशल प्रांत के कोने-कोने से बड़ी संख्या में नए पुराने कार्यकर्ताओं की उपस्थिति हुई ।

पुराना कार्यकर्ता संगठन की एफडी :सुरेश सोनी 

पुराना कार्यकर्ता संगठन की एफडी की तरह है। अच्छा गुरु वही है, जो अच्छे कार्यकर्ता तैयार करता है, जो अपने गुरु से आगे निकले, यही भाव संगठन का रहना चाहिए। मुझे लगता है विद्यार्थी परिषद में यह भाव कायम है। तभी छोटे से कार्यालय अरुण डेयरी से विद्यार्थी परिषद ने अपना सफर तय कर आज भव्य और विशाल कार्यालय का निर्माण किया। विद्यार्थी युवावस्था की दहलीज में ही परिषद के संपर्क में आते हैं और भारतीय विचार परंपरा को आगे बढ़ाते है। श्री सोनी ने आगे कहा कि राष्ट्र पुर्ननिर्माण में विद्यार्थी परिषद की भूमिका अहम है। शिक्षा क्षेत्र में जितने भी व्यापक बड़े और युगानुकूल परिवर्तन हुए हैं वह विद्यार्थी परिषद के आंदोलन और कार्यक्रमों के ही देन है।

हम अपनी मान्य परंपराओं का पालन करके ही विश्व गुरु बन सकते हैं। जिसमें विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का बड़ा योगदान होगा। यहां का कार्यकर्ता जिस क्षेत्र में जाएगा वह राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका अदा करेगा।

अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री आशीष चौहान ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपनी सात दशकों की ध्येय यात्रा को पार कर आज 58 लाख की सदस्यता कीर्तिमान स्थापित कर चुका है ।

अरुण डेरी से नेपियर टाउन का सफर : विद्यार्थी परिषद के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ रघुराज किशोर तिवारी ने विगत चार दशकों के संगठन की यात्रा, इस दौरान कार्यालय के विकास पर अपनी बात रखते हुए बताया कि किस तरह कम संसाधनों के साथ विद्यार्थी परिषद निरंतर कार्य करते हुए आज शिखर पर पहुंचा है।

संस्कारधानी जबलपुर महाकौशल प्रांत का केवल केंद्र ही नहीं यह ऊर्जा धानी भी है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महाकौशल प्रांत का सफर जबलपुर के राइट टाउन स्थित अरुण डेरी से प्रारंभ होकर अवस्थी जी का बाड़ा, समता कॉलोनी अन्य जगह होते हुए गुलौआ चौक के पास रुका, लेकिन वह अल्पविराम था।

अब संस्कारधानी में नेपियर टाउन स्थित नवीन विद्या भवन स्कूल के पास युगानुकूल एक विशाल एवं भव्य आधुनिक कार्यालय वर्तमान चुनौतियां एवं नई तकनीक के साथ कार्य करने में सहायक होगा।इस कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन प्रान्त मंत्री माखन शर्मा ने किया।

इस उद्घाटन समारोह में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखड़िया, पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री विपिन गुप्ता, प्रांत अध्यक्ष डॉ सुनील पांडे, प्रांत मंत्री माखन शर्मा, प्रांत संगठन मंत्री मनोज यादव , प्रांत  सह संगठन मंत्री आशीष शर्मा, महानगर मंत्री ऐश्वर्य सोनकर सहित शहर के गणमान्य, शिक्षा जगत एवं उद्योग तथा सामाजिक जगत के कई लोग शामिल हुए।