आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। सिहोरा-जबलपुर रेल खण्ड पर आज गुरुवार की सुबह 8 बजे से देवरी रेलवे स्टेशन पर लगभग आधा सैकड़ा टीटीई स्टाफ ने स्टेशन की चारों तरफ से घेराबंदी की और लगभग 16 ट्रेनों को रोककर एक हजार से अधिक यात्रियों की टिकट चेक की गई। बताया जाता है कि आज की इस कार्रवाई में तकरीबन 250 से अधिक यात्री पकड़े गए जो कि बगैर टिकट लिए ट्रेनों के विभिन्न दर्जे के कोचों में यात्रा कर रहे थे।  पकड़े यात्रियों में अधिकांश से स्पाट जुर्माना वसूला गया तो वहीं जो यात्री जुर्माना नहीं भर पाए उन्हे यहां रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।

रेल सूत्रों ने बताया कि टिकिट चेकिंग दस्ता सुबह 7:30 बजे रीवा शटल में सवार होकर गया था और ट्रेन के देवरी स्टेशन पर पहुंचते ही टिकटो की जांच शुरू कर दी। एक साथ 50 टीटीई और लगभग 3 अधिकारियों की मौजूदगी में की गई टिकट चेकिंग के दौरान बगैर टिकट यात्रियों के बीच अफरा तफरी मच गई। कुछ यात्री यहां वहां से भागने की कोशिश करने लगे जिन्हे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

बताया जाता है कि देवरी स्टेशन पर हर आने जाने वाली अप-डाउन ट्रेनों ज्ञान गंगा सुपरफास्ट, गंगाकावेरी, रीवा इंटरसिटी,सिंगरौली इंटरसिटी,पुणे-पटना सहित अन्य ट्रेनों को रोककर चेक किया गया। चेकिंग के दौरान सीटीआई संदीप श्रोती, महेश शमन,महफूज खान,धीरज अग्रवाल, टी बैनर्जी,आत्मानंद श्रीवास्तव सहित लगभग 50 टीटीई उपस्थित रहे जिन्हे लगभग 1000 यात्रियों की टिकट चेक की तथा 250 से अधिक बगैर टिकट यात्रियों से जुर्माना वसूल किया।

लगभग 3 घंटे से अधिक समय तक चली टिकट जांच कार्रवाई के दौरान देवरी से कटनी तक व जबलपुर से इटारसी तक,यात्रियों के बीच दहशत की स्थिति बनी रही। ऐसा बताया जाता है कि चेकिंग के दौरान ट्रेनों में अवैध रूप से खाने पीने की सामग्री बेचने वाले अवैध वेंडर भी पकड़े गए हैं