आर्य समय संवददाता,जबलपुर। दिमागी रूप से कमजोर युवक ने गुस्से में घर में रखा चाकू अपने गले में घौंप दिया। खेत में लहूलुहान हालत में मिले युवक को परिजन उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर बताते हुए कहा कि शरीर से अधिक मात्रा में खून बह चुका है। फिलहाल उपचार जारी है। सूचना पर मामले की संपूर्ण जानकारी के लिए बेलखेड़ा पुलिस मेडिकल पहुंची है।

घायल गोपाल बर्मन के बड़े भाई टीकाराम बर्मन निवासी ग्राम मनकेड़ी ने पुलिस को बताया कि छोटा भाई गोपाल दिमागी रूप से थोड़ा कमजोर है। गोपाल घर से चाकू लेकर खेत गया और अपने हाथ से ही उसने गले में चाकू मारते हुए गहरा घाव कर दिया। गोपाल सहित हमारे परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं है। घटना के संबंध में गोपाल से पूछा, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। गोपाल गांव में ही बेलदारी का कार्य करता है। टीकाराम ने बताया कि अस्पताल में भाई के गले का आॅपरेशन डॉक्टरों द्वारा किया गया है। बेलखेड़ा पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं।