आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। डेरी में कार्य करने वाला 18 साल का युवक रात में घर लौट रहा था, तभी रास्ते में चाचा के लड़के और आधा दर्जन से अधिक साथियों ने उसे घेर लिया। झूमा झपटी करने के बाद बदमाशों पर युवक पर चाकू से हमला कर लहुलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल को उपचार के लिए मेडिकल पहुंचे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को बताया घाव गहरा है, खून का अधिक रिसाव भी हो चुका है। फिलहाल स्थिति गंभीर है। सूचना पर मेडिकल पहुंची माढोताल पुलिस घायल और उसके परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों को तलाश रही है।
मेडिकल अस्पताल पहुंचे घायल के बड़े भाई अनुज यादव निवासी कटंगी बायपास सूरतलाई ने बताया कि रात में छोटा भाई अजीत यादव डेयरी से घर के लिए आ रहा था। करौंदा नाला के पास वह एक पान की दुकान में गुटखा लेने के लिए रूका, तभी करन यादव के साथ 6-7 लड़के आए और बेवजह विवाद करने के बाद चाकूओं से हमला कर दिया। अनुज यादव ने बताया कि चाकू के हमले से जांघ के पास मांस का एक हिस्सा निकल गया है।
बढ रही चाकूबाजी की वारदातें-
शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ रही हैं। बात-बात में चाकू से हमला हो रहे हैं। खासतौर पर युवा अपराध के लिए हथियार के तौर पर चाकू का इस्तेमाल कर रहे हैं। बीते 15 दिनों में ही चाकूबाजी की करीब डेढ दर्जन से अधिक घटनाएं हुई। इसमें कुछ मामलों में तो हमला इस कदर गंभीर हुआ कि पीड़ित की मौत तक हो गई हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि चाकू की सरलता से उपलब्धता ही इसके चलन को बढा रही है। अपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले तत्व ऑनलाइन चाकू के आर्डर कर बुला रहे हैं। शहर की कई दुकानों में इन दिनों डिजाइनर चाकू भी सरलता से मिल रहे हैं।

Continue With Google
Comments (0)