आर्य समय संवाददाता, डेस्क। हिन्दी, तेलुगु, तमिल और नेपाली सिनेमा के चर्चित अभिनेता प्रदीप सिंह रावत का मंगलवार शाम निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे रावत ने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म और टेलीविजन जगत में शोक की लहर है।
प्रदीप रावत का जन्म मध्यप्रदेश के जबलपुर में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा और कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एक बैंक में नौकरी शुरू की, लेकिन अभिनय के प्रति गहरा जुनून उन्हें मायानगरी मुंबई ले आया। बेहतर भविष्य और अभिनय के सपनों को साकार करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी। संघर्ष के बाद उन्होंने फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई और विशेष रूप से दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय खलनायकों में शुमार हुए।
प्रदीप सिंह रावत ने हिन्दी, तेलुगु, तमिल और नेपाली फिल्मों में अनेक यादगार भूमिकाएँ निभाईं। निर्देशक चन्द्र पंत की नेपाली फिल्मों 'आबात आमा' और 'ह्रस्व दीर्घ' में उनके अभिनय को विशेष सराहना मिली।
टेलीविजन के लोकप्रिय धारावाहिक 'महाभारत' में उन्होंने अश्वत्थामा की भूमिका निभाई थी। वहीं हिन्दी फिल्मों 'सरफ़रोश', 'लगान' और 'गजनी' में उनके सशक्त खलनायक के किरदार आज भी दर्शकों के बीच याद किए जाते हैं। अपनी प्रभावशाली आवाज़, दमदार व्यक्तित्व और सशक्त अभिनय के कारण उन्होंने भारतीय सिनेमा में विशिष्ट पहचान बनाई।
नेपाली फिल्मों 'आबात आमा' और 'आबात आमा-2' में उन्होंने अभिनेत्री विपना थापा के साथ भी अभिनय किया। उनके निधन की पुष्टि अभिनेत्री विपना थापा ने सोशल मीडिया के माध्यम से की। इसके बाद भारतीय और नेपाली फिल्म जगत के अनेक कलाकारों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
प्रदीप रावत का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। जबलपुर से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाले इस अभिनेता की उपलब्धियाँ हमेशा याद की जाएंगी।
Continue With Google
Comments (0)