आर्य समय संवाददाता,नई दिल्ली/जबलपुर। भारत मंडपम (प्रगति मैदान, नई दिल्ली) में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित हुए चार दिवसीय 'भारतीय व्यापार महोत्सव–2026' में जबलपुर के व्यापारियों ने भी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। यह राष्ट्रीय महोत्सव कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
व्यापारी देश की आर्थिक प्रगति की आधारशिला: पीयूष गोयल
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारतीय व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था के मुख्य स्तंभ हैं। भारत आज आत्मनिर्भरता, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के नए युग में कदम रख चुका है, जिसमें व्यापार जगत की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
देश-विदेश की दिग्गजों की उपस्थिति
कैट मध्यप्रदेश के अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने बताया कि इस गरिमामयी समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, कैट की रणनीतिक सलाहकार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, स्वदेशी जागरण मंच के वरिष्ठ नेता कश्मीरी लाल, कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल तथा राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद प्रवीण खंडेलवाल उपस्थित रहे। इनके अलावा देशभर से हजारों एमएसएमई, स्टार्टअप्स, निर्यातक और महिला उद्यमी शामिल हुए।
जबलपुर कैट टीम ने किया वरिष्ठों का सम्मान
महोत्सव के दौरान कैट जबलपुर की टीम ने कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन और कार्यवाहक अध्यक्ष गोविंददास असाटी का सम्मान-पत्र एवं शॉल भेंट कर अभिनंदन किया। जबलपुर प्रतिनिधिमंडल में जितेन्द्र पचौरी, संदेश जैन, दीपक सेठी, रोहित खटवानी, राजा सराफ, राजीव बड़ेरिया, अरुण निखरा (गुप्ता) एवं श्रीखंडेय सहित कई व्यापारी शामिल थे। वहीं महिला उद्यमी विंग से सीमा सिंह चौहान, नम्रता भाटिया, प्रतिभा जैन और दीपा डूडेजा ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
वैश्विक मंच पर स्वदेशी का परचम
इस चार दिवसीय महोत्सव में भारत के 30 राज्यों के व्यापारियों के साथ-साथ 40 देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यह आयोजन स्वदेशी उत्पादों, नवाचार, एमएसएमई सेक्टर और भारतीय निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एक ऐतिहासिक मंच साबित हो रहा है।
Continue With Google
Comments (0)